शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के भीतर पूर्वी और मध्य मध्य प्रदेश के जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जहां 4 इंच तक पानी बरस सकता है।

5 जिलों में ‘अति भारी बारिश’ का अलर्ट

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार स्ट्रॉन्ग वेदर सिस्टम के चलते पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और रायसेन जिले में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए प्रशासन और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है।

भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर सहित प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं 10 जिलों में भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

एक्टिव मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में प्रदेश के ऊपर से एक मजबूत मानसून ट्रफ लाइन गुजर रही है, साथ ही एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय है। इस स्ट्रॉन्ग सिस्टम के कारण मंगलवार को भी भोपाल समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई थी और यह सिलसिला लगातार जारी रहने के आसार हैं। कुछ जिलों में मूसलाधार बारिश तो कहीं-कहीं हल्की फुहारों और मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m