शिखिल ब्यौहार, भोपाल।  मध्य प्रदेश में इस बार नौतपा के दौरान गर्मी से ज्यादा बादलों और आंधी-बारिश का दबदबा देखने को मिला है। आज नौतपा का नौवां और अंतिम दिन है, लेकिन प्रदेशवासियों को फिलहाल तपती धूप से राहत मिलती दिख रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 45 जिलों में मौसम बदला रहने का अनुमान जताया है। लगातार पिछले 8 दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी है।

धार-बड़वानी में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, नौतपा के आखिरी दिन मालवा और निमाड़ अंचल में मौसम का सबसे उग्र रूप देखने को मिल सकता है। धार और बड़वानी जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से विनाशकारी आंधी चलने का अनुमान है।

इसके अलावा आगर-मालवा और राजगढ़ जिलों में भी प्रशासन ने ओले गिरने की चेतावनी जारी की है, जिससे किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

आंधी-बारिश के बीच कुछ जिलों में भीषण गर्मी का दौर

भले ही प्रदेश के बड़े हिस्से में बादलों की आवाजाही और बौछारें पड़ रही हैं लेकिन सूरज के तेवर पूरी तरह ढीले नहीं पड़े हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आंधी-बारिश के समानांतर कई जिलों में भीषण गर्मी का दौर भी बना रहेगा। इन क्षेत्रों में दिन का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे उमस और हीटवेव जैसी स्थिति का अहसास होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m