शिखिल ब्योहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में सुस्त पड़े मानसून ने एक बार फिर जोरदार वापसी की है। प्रदेश में एक साथ 3 मानसूनी सिस्टम के सक्रिय होते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में पश्चिम से पूर्व तक तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, बड़वानी से लेकर बालाघाट तक के क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

भोपाल में 5 दिन बाद बरसे बादल; महज 30 मिनट में आधा इंच पानी

राजधानी भोपाल में पिछले 5 दिनों से जारी बारिश के सूखे को बादलों ने अचानक खत्म कर दिया। शुक्रवार को भोपाल में महज 30 मिनट की मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। आधे घंटे के भीतर ही आधा इंच से ज्यादा पानी बरस गया, जिससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया और सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई।

12 से ज्यादा जिलों में मध्यम से तेज बारिश, 2 जिलों में रेड अलर्ट

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के 12 से अधिक जिलों में मध्यम से तेज गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। बड़वानी और बालाघाट जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में भी हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने के आसार हैं।

पश्चिम से पूर्व तक गरज-चमक की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और मूसलाधार बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे आश्रय न लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m