MP Weather Update: शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश थमने के बाद अब गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों की हालत खराब करने के लिए तैयार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में लू का अलर्ट जारी किया है। गर्मी किस कदर परेशान करने वाली है, इसका अंदाजा इसी बात से लग सकता है कि रतलाम में पारा रिकॉर्ड 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
6 जिलों में लू का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 6 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है जिनमें उज्जैन, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, रतलाम और झाबुआ शामिल हैं। अगले 4 दिन तक प्रदेश के इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में लू का असर रहेगा। आज उज्जैन संभाग के रतलाम, नीमच और मंदसौर सबसे गर्म रहने की संभावना है।
49 जिलों में तेज गर्मी पड़ेगी
लू चलने के साथ भोपाल, इंदौर, जबलपुर-ग्वालियर समेत प्रदेश के 49 जिलों में तेज गर्मी पड़ेगी। इंदौर में पारा रिकॉर्ड 43.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है जो इस सीजन में सबसे अधिक है।पिछले साल 1 मई को पारा 42 डिग्री था, यानी इंदौर में गर्मी पिछले साल से भी ज्यादा पड़ रही है।
प्रदेश के अधिकतम तापमान वाले शहर
रतलाम : 45 डिग्री
शाजापुर : 44.2 डिग्री
धार : 44 डिग्री
इंदौर: 43.2 डिग्री
उज्जैन : 43 डिग्री
खरगोन : 42.6 डिग्री
खंडवा : 42.5 डिग्री
भोपाल : 41.2 डिग्री
जबलपुर : 40.8 डिग्री
ग्वालियर : 39 डिग्री

