शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 3 दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश भर में एक साथ तीन मजबूत मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के लगातार एक्टिव रहने से तेज बारिश का दौर जारी है, जिससे प्रदेश में अब तक बनी बारिश की कमी पूरी होने के आसार जताए जा रहे हैं।
उज्जैन संभाग और मालवा-निमाड़ में 4 दिन का ‘अति भारी’ अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मालवा-निमाड़ अंचल और उज्जैन संभाग के जिलों में अगले चार दिनों तक मूसलाधार बारिश का तांडव देखने को मिल सकता है।
5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट: धार, देवास, हरदा समेत 5 प्रमुख जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
17 जिलों में अलर्ट जारी: प्रदेश के कुल 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
अब तक 16 फीसदी कम बारिश, 47 जिलों में सूखे जैसे हालात
इस नए मानसूनी सिस्टम से प्रदेश के जलसंकट और धान/सोयाबीन जैसी फसलों को जीवनदान मिलने की उम्मीद है। आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में चालू मानसून सीजन में अब तक औसत से 16 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश के 47 जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे चल रहा था। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस दौर की झमाझम बारिश से यह कमी काफी हद तक पूरी हो जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


