शब्बीर अहमद, Bhopal. मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह से मेहरबान है और प्रदेशभर में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम केंद्र ने राज्य के 31 जिलों में भारी से अति भारी बारिश और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही इस मानसूनी बारिश का असर यह हुआ है कि जुलाई महीने के शुरुआती 6 दिनों में ही इस महीने का बारिश का कोटा लगभग पूरा हो चुका है। जून महीने में जो 33% बारिश की कमी दर्ज की गई थी, उसकी भरपाई जुलाई की इस शुरुआती बारिश ने महज कुछ दिनों में ही पूरी कर दी है। वर्तमान में पूरे प्रदेश में सामान्य से सिर्फ 1% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिसमें पश्चिमी मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा पानी गिरा है।

इन जिलों में अति भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’

मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक तीव्र बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग की ओर से गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर और छतरपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ-साथ अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

26 जिलों में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’

अति भारी बारिश के अलावा, प्रदेश के एक बड़े हिस्से में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम केंद्र ने निम्नलिखित जिलों के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है:

ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड संभाग: ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना।

महाकौशल और विंध्य क्षेत्र: सतना, मैहर, दमोह, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा।

मध्य और मालवा-निमाड़ क्षेत्र: रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, सीहोर, हरदा, आगर-मालवा, राजगढ़, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी।

भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित कई जिलों में गरज-चमक के आसार

राजधानी भोपाल, इंदौर और बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन समेत कई अन्य जिलों में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। श्योपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, नीमच, मंदसौर और रतलाम में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण फिलहाल बारिश का यह दौर थमने वाला नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m