शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी रंगत में आ गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश को लेकर रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र यानि Low Pressure Area और बंगाल की खाड़ी तक फैली मानसून ट्रफ लाइन के असर से प्रदेश भर में वर्षा की गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। दक्षिणी यूपी और उत्तरी एमपी से होकर गुजर रहे इस सिस्टम के कारण अगले 24 घंटों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा में रेड अलर्ट, इन जिलों में ऑरेंज चेतावनी
मौसम विभाग ने नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा रायसेन, बैतूल, नरसिंहपुर, सिवनी, सागर और छतरपुर जिलों में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों के प्रशासन को मुस्तैद रहने और नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
भोपाल-ग्वालियर संभाग समेत 18 से अधिक जिलों में येलो अलर्ट जारी
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने विदिशा, सीहोर, राजगढ़, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, सतना, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढ़ुर्णा जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ट्रफ के सक्रिय रहने से अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश भर में मानसूनी बारिश का यह दौर जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



