शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून की चाल तेज हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में दो मानसूनी सिस्टम एक साथ सक्रिय हो चुके हैं। इसके प्रभाव से प्रदेशभर में अगले 4 दिनों तक तेज हवाओं के साथ झमाझम और भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया गया है। विशेष रूप से पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में मानसून का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा।
रीवा और सागर संभाग में अलर्ट; इन जिलों में भी चेतावनी
मौसम केंद्र भोपाल ने रीवा और सागर संभाग में भारी से अति भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने और निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है, जिसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
भोपाल, इंदौर और उज्जैन में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
दूसरी तरफ राजधानी भोपाल सहित इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में तेज धूप के बाद हल्की बौछारें मौसम को सुहाना बनाए रखेंगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और मध्य भारत में बन रहे सिस्टम के असर से आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दायरा और बढ़ सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



