शब्बीर अहमद, भोपाल । मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से ठीक पहले एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के लगभग आधे हिस्से में अगले दो दिनों तक बेहद मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय रहने की संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के असर से जबलपुर संभाग और विंध्य-बुंदेलखंड के इलाकों समेत 13 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन 13 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के 13 जिलों में मुसलाधार बारिश की संभावना है। इनमें टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, दमोह, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट शामिल हैं। इन इलाकों में 4 इंच (100 मिमी) से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा 16 अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
25, 26 और 27 सितंबर को दिखेगा सिस्टम का प्रचंड रूप
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती घेरे के चलते मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। इस सिस्टम का सबसे ज्यादा असर 25 और 26 सितंबर को देखने को मिलेगा। इसके बाद 27 सितंबर को भी कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी रहेगा।
विदाई से 6 दिन पहले बदला मौसम
उल्लेखनीय है कि प्रदेश से मानसून की आधिकारिक विदाई में अब केवल 6 दिन का समय बचा है। राज्य में चालू मानसून सीजन में अब तक औसतन 873.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि सामान्य बारिश के कोटे से लगभग 2.4 इंच कम है। हालांकि, अगले 2-3 दिनों में होने वाली इस झमाझम बारिश से यह कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


