संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम सिस्टम के असर से प्रदेश में अगले 4 दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिलों में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के 100 से अधिक शहरों और कस्बों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने का अनुमान है।
33 जिलों में रिकॉर्ड वर्षा
प्रदेश में अब तक औसतन 34.2 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है जो सामान्य बारिश के आंकड़े से केवल 6 फीसदी कम है। राज्य के 33 जिलों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। हालांकि पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में अब भी बारिश का कोटा अधूरा है। जून के महीने में हुई कम बारिश की भरपाई जुलाई और अगस्त में हुई झमाझम बारिश से पूरी हुई है।
भोपाल में लगातार चौथे साल सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश
राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के 23 जिलों में औसत से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। भोपाल में लगातार चौथे साल सितंबर के महीने में सामान्य से अधिक बारिश का रिकॉर्ड बना है। लगातार हो रही वर्षा के कारण भोपाल के बड़ा तालाब का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



