शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून का मजबूत सिस्टम सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 2 से 3 दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र अब मध्य भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसके असर से 28 से 30 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

इन 8 जिलों में 24 घंटे के अंदर भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों में 4 इंच या उससे अधिक बारिश की चेतावनी जारी करते हुए अलर्ट जारी किया है।

भारी बारिश वाले जिले: सतना, कटनी, उमरिया, मंडला, डिंडौरी, सिवनी, रायसेन और बैतूल।

50 से अधिक जिलों में अलर्ट: राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में गरज-चमक और वज्रपात के साथ रिमझिम से मध्यम बारिश का अनुमान है। भोपाल में सुबह से ही हल्की बारिश का दौर जारी है।

अब तक सामान्य से 17% कम बरसे मेघ

प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों के बावजूद अब तक औसतन 13.2 इंच बारिश ही दर्ज की गई है, जो कि सामान्य से 17 प्रतिशत कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 20% और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 15% कम बारिश हुई है। प्रदेश के 47 जिलों में अब तक बारिश का कोटा पूरा नहीं हो पाया है।

इन जिलों में अच्छी बारिश: भोपाल, इंदौर, देवास, सीहोर, राजगढ़, मंदसौर, भिंड और बुरहानपुर जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m