संजय पाटीदार, भोपाल। मध्यप्रदेश में इस बार मानसून की एंट्री सामान्य तिथि से 5 से 7 दिन की देरी से हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून 20 से 22 जून के बीच पहुंचने की संभावना है। हालांकि मानसून के आगमन से पहले ही प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और जून के शुरुआती चार दिनों तक कई जिलों में आंधी बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने की संभावना है।
मई महीने में प्रदेश ने भीषण गर्मी के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि का भी सामना किया। स्थिति यह रही कि मई मे औसत से करीब आधा इंच अधिक वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने धार और खरगोन जिलों के लिए ओलावृष्टि और बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वही झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में आंधी, बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
लगातार बदलते मौसम के कारण प्रदेश में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है और दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। प्रदेश के प्रमुख शहरों में इंदौर का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री, जबलपुर का 36.4 डिग्री, ग्वालियर और उज्जैन का 37.5 डिग्री तथा भोपाल का 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं शाजापुर, राजगढ़ और नरसिंहपुर ऐसे जिले रहे, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सो में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

