संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है। इसी बीच मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 7 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के 44 जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश की चेतावनी दी गई है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम की वजह से आने वाले 3 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून का रौद्र रूप देखने को मिलेगा।
इन जिलों में भारी और अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अलग-अलग संभागों में बारिश की तीव्रता कम-ज्यादा बनी हुई है:
अति भारी बारिश (ऑरेंज अलर्ट): बालाघाट और डिंडौरी जिले में प्रशासन को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। यहां अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
भारी बारिश (येलो अलर्ट): देवास, हरदा, पांढुर्ना, छिंदवाड़ा और बैतूल जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
हल्की बारिश: नीमच, मंदसौर, आगर मालवा और रतलाम में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने का अनुमान है।
भोपाल-इंदौर सहित 44 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
मानसून ने जबलपुर, भोपाल, रीवा और शहडोल संभाग के अधिकांश हिस्सों को कवर कर लिया है। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक, भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल सहित 44 जिलों में 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग के कुछ ही जिले शेष हैं, जहां अगले 2 से 3 दिनों में मानसून पूरी तरह एंट्री कर लेगा।
24 घंटे में सागर में सबसे ज्यादा बरसे बदरा, 3 जुलाई से नया सिस्टम सक्रिय
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक 160.5 मिमी बारिश सागर जिले में और 129 मिमी बारिश अशोकनगर में दर्ज की गई।
मौसम विभाग का बड़ा पूर्वानुमान
बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत वेदर सिस्टम बन रहा है, जो 3 जुलाई के आसपास कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) में बदल जाएगा। इसके प्रभाव से जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर और उज्जैन संभाग में अगले 5 दिनों तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

