संजय पाटीदार, Bhopal. मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है, जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही भारी वर्षा से कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, और नदियां-नाले उफान पर आ गए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में मानसून का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।

9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, नदी-नाले उफान पर

मौसम विभाग ने प्रदेश की भौगोलिक स्थिति और बादलों की आवाजाही को देखते हुए 9 जिलों में अति भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इन जिलों में रतलाम, धार, बड़वानी, शाजापुर, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी शामिल हैं।

इन क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के भीतर 4 से 8 इंच तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है। तेज बारिश के चलते कई जिलों के संपर्क मार्ग और पुल-पुलिया पानी में डूब गए हैं, जिससे यातायात बाधित हुआ है।

20 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

ऑरेंज अलर्ट के अलावा मौसम विभाग ने नीमच, मंदसौर, उज्जैन, इंदौर, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, सिवनी, अनूपपुर, कटनी, पन्ना, झाबुआ, अलीराजपुर और आगर-मालवा सहित 20 से अधिक जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं ग्वालियर-चंबल, भोपाल, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना है।

तापमान में भारी गिरावट: 25.6 डिग्री के साथ ‘धार’ रहा सबसे ठंडा

शनिवार को बैतूल, धार, इंदौर, खरगोन, उज्जैन, जबलपुर सहित 20 से अधिक जिलों में हुई झमाझम बारिश के कारण पूरे प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है।

प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान:

  • धार: 25.6 डिग्री सेल्सियस (प्रदेश का सबसे ठंडा जिला)
  • इंदौर: 26.2 डिग्री सेल्सियस
  • भोपाल: 30.8 डिग्री सेल्सियस
  • उज्जैन: 31.8 डिग्री सेल्सियस
  • जबलपुर: 33.8 डिग्री सेल्सियस
  • ग्वालियर: 37.0 डिग्री सेल्सियस

प्रशासन ने उफान पर चल रहे नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले रास्तों को पार न करने की हिदायत दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m