शिखिल ब्योहर, भोपाल। मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई की आहट के बीच एक बार फिर बादलों ने ढेरा डाल लिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून विदाई से पहले जमकर मेहरबान हो रहा है। जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग में पिछले 72 घंटों से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, जिसके चलते कई प्रमुख बांधों के गेट खोलने पड़े हैं।
डैम लबालब, खोले गए बरगी और जोहिला के गेट
लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के प्रमुख जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं। जबलपुर के बरगी डैम, उमरिया के जोहिला डैम और बिलगांव डैम के गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। तटीय और निचले इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को नदी-नालों के पास न जाने की हिदायत दी है।
7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में प्रदेश के 7 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज/येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के कई हिस्सों में भी बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
सामान्य से 95% से अधिक बारिश दर्ज
इस मानसूनी सीजन में मध्य प्रदेश में अब तक औसतन 35.6 इंच बारिश हो चुकी है। यह आंकड़ा सामान्य कोटे की तुलना में 95% से अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस नए मानसूनी सिस्टम के असर से अगले 2-3 दिनों तक प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्से में बारिश का दौर जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


