संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक के बाद भी इसकी रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। बीते 24 जून को प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने के बावजूद अब तक यह सिर्फ 15 जिलों को ही कवर कर पाया है, जबकि 40 जिलों को अभी भी बारिश का इंतजार है। मानसून की इस सुस्ती के कारण जून महीने में अब तक प्रदेश में सामान्य से 38 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) ने आगामी 24 घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इन 6 जिलों में भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 6 प्रमुख जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान 4 इंच या उससे अधिक बारिश होने की प्रबल संभावना है। इनमें उज्जैन, देवास, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंडला, बालाघाट शामिल हैं।
भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने, जलभराव वाले निचले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्राओं से बचने की सलाह दी है।
भोपाल-इंदौर सहित 40 से अधिक जिलों में ‘येलो अलर्ट’
राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में मौसम विभाग ने तेज बारिश का येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
दूसरी ओर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, निवाड़ी, नीमच और मंदसौर जैसे जिलों में हल्की बारिश या सिर्फ बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, क्योंकि इन इलाकों में अभी मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है।
पिछले 24 घंटों में रतलाम-मंदसौर में तेज बारिश, नौगांव रहा सबसे गर्म
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का बदला मिजाज देखने को मिला। मंदसौर और रतलाम जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गुना, श्योपुर, बड़वानी, शाजापुर, सीहोर, उज्जैन और छतरपुर समेत कई जिलों में अच्छी वर्षा हुई।
सिस्टम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है- मौसम विभाग
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में सिस्टम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे मानसून की रफ्तार बढ़ेगी और यह मध्य प्रदेश के शेष जिलों को भी पूरी तरह कवर कर लेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

