भोपाल। मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद अब मौसम का एक अलग ही रूप देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के वक्त लोगों को हल्की ठंड का अहसास होने लगा है, लेकिन इसी बीच वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने के कारण राज्य के कई जिलों में मौसम एक बार फिर बिगड़ गया है। मौसम विभाग ने 21 अक्टूबर राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की संभावना जताई है।
इन जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी
मौसम विभाग के भोपाल केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, आज मध्य प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंके के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, शाजापुर, इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा और छिंदवाड़ा के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में भी आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है, जिसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कब तक रहेगा असर और कितना गिरेगा तापमान?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 23 अक्टूबर तक बारिश का यह दौर जारी रहने का अनुमान है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए बारिश और तेज हवाओं की संभावना 21 अक्टूबर तक ही जताई गई है। इसके बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है। खराब मौसम और बारिश के इस दौर के चलते अगले पांच दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड में और इजाफा होगा। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि आंधी-तूफान के दौरान वे सुरक्षित स्थानों पर रहें, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और खुले मैदानों में जाने से बचें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

