भोपाल। मध्य प्रदेश में फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय बारिश का सिस्टम कमजोर होने से अगले दो दिनों तक कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, 5 अगस्त से एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है।

प्रदेश में अब तक औसतन 15.9 इंच बारिश 

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक औसतन 15.9 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 16 प्रतिशत कम है। सबसे ज्यादा असर पूर्वी मध्य प्रदेश में देखने को मिला है, जहां सामान्य से लगभग 20 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी बारिश सामान्य से 11 प्रतिशत कम रही है।

किसान अच्छी बारिश का कर रहे इंतजार 

बारिश की कमी के कारण प्रदेश के कई जिलों में खेती प्रभावित होने लगी है। किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं ताकि खरीफ फसलों को पर्याप्त पानी मिल सके। दूसरी ओर, बड़वानी, भिंड समेत छह जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। खंडवा, खरगोन और बड़वानी जिलों में हाल की भारी बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनने से सोयाबीन, मक्का और अन्य खरीफ फसलों को नुकसान पहुंचा है। किसान फसलों के खराब होने से चिंतित हैं और नुकसान के आकलन की मांग कर रहे हैं।

5 अगस्त से फिर होगी मानसून की वापसी

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून ट्रफ अभी सक्रिय है, लेकिन इसकी स्थिति कमजोर बनी हुई है। इसी वजह से अगले दो दिनों तक तेज बारिश का दौर थमा रहेगा। हालांकि 5 अगस्त से बंगाल की खाड़ी और अन्य मौसमीय प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m