MP Weather Update: मध्य प्रदेश में गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भीषण गर्मी के चलते लोगों का हाल बेहाल है। प्रदेश का तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया। बीते 24 घंटे में भोपाल का पारा 2 डिग्री तक बढ़ा है। एमपी में सबसे गर्म शहर खजुराहो रहा, जहां 43.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। वहीं मौसम विभाग ने आज कई जिलों में लू की चेतावनी की है। आइए एक नजर डालते है मौसम के ताजा हाल पर…
एमपी में शुक्रवार (17 अप्रैल) को गर्मी ने तीखे तेवर दिखाए। इस सीजन में पहली बार तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया। छतरपुर के खजुराहों में पारा 43.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं 9 शहरों का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। उमरिया में 42.9 डिग्री, टीकमगढ़-नौगांव में 42.8 डिग्री, नौगांव में 42.6 डिग्री, मंडला में 42.5 डिग्री, दतिया-दमोह और गुना में 42.2 डिग्री, सतना-सागर में 41.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 41.6 डिग्री, शाजापुर-नर्मदापुरम में 41.4 डिग्री, नरसिंहपुर, सीधी, मलाजखंड और रीवा में तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें: MP Morning News: पश्चिम बंगाल में प्रचार करेंगे सीएम डॉ मोहन, कांग्रेस की समीक्षा बैठक, TET अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन, धूमधाम से मनाई जाएगी परशुराम जयंती, भोपाल-ग्वालियर में स्कूलों की टाइमिंग बदली, सड़क निरीक्षण के लिए दल गठित, राजधानी में बिजली रहेगी गुल
आज यहां लू चलने की चेतावनी
वहीं प्रदेश की अधिकतर जिलों का तापमान 41 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज शनिवार को नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, रतलाम, रायसेन, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, सिवनी, पन्ना और निवाड़ी में लू का अलर्ट जारी किया है।
भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूल के समय में बदलाव
एमपी में भीषण गर्मी को देखते हुए कई जिलों की स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। भोपाल में क्लास 1 से लेकर 12वीं तक सुबह 7:30 से अधिकतम दोपहर 12 बजे तक ही स्कूल संचालित किए जाएंगे। ग्वालियर जिले में प्री प्राइमरी से लेकर 12वीं तक की सभी क्लास दोपहर 12 बजे तक ही संचालित होगी। शासन की ओर से पूर्व निर्धारित परीक्षा समेत अन्य आवश्यक कार्यक्रम यथावत रहेंगे। इसके अलावा खंडवा, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, बालाघाट, रायसेन, रतलाम, मैहर, नरसिंहपुर, उमरिया, डिंडौरी और अनूपपुर में भी स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है।

