MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है, जिसके चलते ठंड का असर तेज हो गया है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के अधिकांश शहरों में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। शुक्रवार को भोपाल में ठंडी हवाओं का असर साफ देखा गया, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
तेजी से लुढ़का पारा
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को सभी शहरों में पारा लुढ़का। नरसिंहपुर में 24.2 डिग्री, रीवा में 23.8 डिग्री, सागर में 24.9 डिग्री, सतना में 24.7 डिग्री, सीधी में 24.6 डिग्री, टीकमगढ़ में 24 डिग्री, गुना में 25 डिग्री, पचमढ़ी में 26.6 डिग्री, रायसेन में 23.6 डिग्री, दमोह में 25.5 डिग्री, खजुराहो में 25.4 डिग्री, उमरिया में 25.5 डिग्री रहा।
अगले 3 दिन तक ठंड का रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिन तक ठंड का असर रहेगा। इसके बाद थोड़ी राहत मिलेगी। 29 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। इससे पारे में बढ़ोतरी होगी। हालांकि, सिस्टम गुजरने के बाद फिर से ठंड बढ़ जाएगी।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के कई शहरों में दिन और रात के तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। भोपाल में गुरुवार से ही सर्द हवाओं ने असर दिखाना शुरू कर दिया है, और शुक्रवार को यह और तेज हो गई।

