राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश को भारत के ग्लोबल फार्मा हब बनाने में प्रदेश की सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योगपतियों, निवेशकों और कंपनियों का खुले दिल से स्वागत है। प्रदेश की उद्योग-अनुकूल नीतियों और बेहतर निवेश वातावरण के कारण हेलियन ग्रुप ने अपनी भारत की पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट पीथमपुर में स्थापित करने का फैसला किया है।
प्रमुख बातें:
- पीथमपुर में हेलियन ग्रुप की पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित होगी।
- परियोजना पर 2000 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
- यूनिट चालू होने पर लगभग 1000 युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
- यहां निर्मित उत्पाद न सिर्फ भारत की मांग पूरी करेंगे बल्कि एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और अफ्रीका के कई देशों में निर्यात भी किए जाएंगे।
CM मोहन यादव का बयान
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत आज पूरी दुनिया में ‘फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड’ के रूप में पहचान बना चुका है। मध्यप्रदेश अब आत्मनिर्भर बन रहा है। हमारी औद्योगिक नीतियों के कारण देश-दुनिया मध्यप्रदेश पर भरोसा कर रही है।” उन्होंने आश्वस्त किया कि मध्य प्रदेश में निवेश करने वाले सभी उद्योगपतियों को उद्योग स्थापना से लेकर उत्पादन शुरू होने तक राज्य सरकार हर स्तर पर पूर्ण सहयोग देगी।

