संजय पाटीदार, भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में भर्ती (Police Department) का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने सूबेदार (Subedar) और उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 (Sub-Inspector Recruitment Examination) की मुख्य परीक्षा के दूसरे चरण का परिणाम घोषित कर दिया है। रिजल्ट जारी होने के बाद अब चयनित अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की तैयारी में जुट गए हैं।

500 पदों के लिए आयोजित की गई थी परीक्षा

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सीधी भर्ती के कुल 500 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। मंडल द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 1639 उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए चयनित किया गया है। इनमें 1166 पुरुष और 473 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। मुख्य परीक्षा प्रदेश के भोपाल, जबलपुर, सागर और सीधी सहित चार शहरों में आयोजित की गई थी।

भर्ती प्रक्रिया के सबसे अहम चरणों से गुजरना होगा

मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब भर्ती प्रक्रिया के सबसे अहम चरणों से गुजरना होगा। चयनित अभ्यर्थियों के लिए फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET), फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT), इंटरव्यू, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। इन सभी चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों का ही अंतिम चयन किया जाएगा।

आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह

मंडल ने जानकारी दी है कि अगले चरण की तारीख, परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश जल्द अलग से जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे लगातार आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से चूक न हो।

भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील

इसके साथ ही मंडल ने सोशल मीडिया और गैर-आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही फर्जी और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील भी की है। भर्ती से जुड़ी हर जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही देखने की सलाह दी गई है।

मंडल के मुताबिक भर्ती परीक्षा प्रक्रिया 29 अप्रैल 2026 तक पूरी कर ली गई थी और पूरी चयन प्रक्रिया नियमों तथा पारदर्शिता के साथ आयोजित कराई गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m