बीडी शर्मा, दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली और इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव में भाई दूज के पवित्र मौके पर 16 वर्षीय किशोर भरत विश्वकर्मा अपनी बहन के घर टीका लगवाने जा रहे थे। लेकिन रास्ते में एक सनकी शख्स ने उन पर पीछे से क्रूर हमला कर दिया। चश्मदीदों और पुलिस जानकारी के मुताबिक, आरोपी गुड्डा पटेल (58) ने भरत को पहले लोहे की रॉड से बाइक से गिराया, फिर हथौड़े से 15-20 बार सिर पर वार किए। किशोर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
वारदात यहीं खत्म नहीं हुई – आरोप है कि गुड्डा पटेल ने मृतक के सिर से निकला खून पिया, उसके मांस (भेजा) को खाया और खून चेहरे पर भी मला। यह अमानवीय दृश्य देखकर ग्रामीण स्तब्ध रह गए। उन्होंने शोर मचाया, पत्थर मारे और आरोपी को खेतों में दौड़ाकर घेर लिया। दर्जनों ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गुड्डा पटेल का आपराधिक इतिहास है – वह पहले अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
दमोह सीएसपी एच. आर. पांडे ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मानसिक स्थिति, मोटिव और पूरी घटना की गहन जांच चल रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। यह घटना पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत फैला रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लोग आरोपी की क्रूरता देखकर स्तब्ध हैं। प्रशासन से अपील है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो और मानसिक स्वास्थ्य जांच को प्राथमिकता दी जाए।

