हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड स्थित अमनारी गांव में गुरुवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। लगातार बारिश के कारण एक पुराने मिट्टी के मकान की दीवार ढह गई। मलबा हटाने के दौरान दीवार के भीतर छिपाकर रखा गया चांदी के सिक्कों से भरा मिट्टी का घड़ा (गगरा) निकल आया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही घड़ा नीचे गिरा, वह टूट गया और उसमें रखे चांदी के सिक्के पूरे आंगन में बिखर गए। यह नजारा देखकर परिवार के लोग भी हैरान रह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में पूरे इलाके में इस अनोखी घटना की चर्चा होने लगी।
बारिश के चलते मकान की दीवार भरभराकर गिर गई
जानकारी के अनुसार, यह पुराना संयुक्त परिवार का मकान रामचंद्र महतो, सुरेश महतो, संतोष प्रसाद (पिता- बढ़न महतो), बुधन महतो, बालेश्वर महतो और नंदु महतो (पिता- बैजु महतो) का है। लगातार बारिश के चलते मकान की जर्जर मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसके बाद यह छिपा हुआ घड़ा सामने आया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घड़े में कितने चांदी के सिक्के थे, वे कितने पुराने हैं और उन्हें किस समय दीवार के भीतर छिपाया गया था। इसको लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।यह घटना इलाके में कौतूहल का विषय बनी हुई है और लोग इसे वर्षों पुराने छिपे खजाने से जोड़कर देख रहे हैं।


