अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। जहां विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के सुप्रीमो और ‘सन ऑफ मल्लाह’ के नाम से मशहूर मुकेश सहनी ने वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार की कार्यशैली की तुलना अंग्रेजों के शासनकाल से करते हुए इसे घोर तानाशाही करार दिया है।
जनरल डायर की याद ताजा कर रही सरकार
डेहरी में आयोजित भगवान वेदव्यास जयंती समारोह में शिरकत करने पहुंचे मुकेश सहनी ने मीडिया और जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान शासन की तानाशाही ने इतिहास के सबसे क्रूर अध्यायों में से एक जनरल डायर की याद ताजा कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी से पहले अंग्रेजों द्वारा देश के नौजवानों पर जिस तरह गोलियां चलाई जाती थीं, ठीक उसी प्रकार वर्तमान सरकार अपने ही देश के नागरिकों और विद्यार्थियों को एके-47 जैसे घातक हथियार दिखाकर दबाना और धमकाना चाहती है।
मुकेश सहनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि देश के युवाओं ने पहले भी तानाशाह सरकारों को अपने आगे घुटने टेकने पर मजबूर किया है। ऐसे में अभी भी इस सरकार के पास वक्त है कि वह अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करे।
संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों का हो रहा हनन
सरकार पर हमला जारी रखते हुए VIP प्रमुख ने कहा कि केंद्र या राज्य सरकार कोई भी आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन नहीं कर सकती है। भारतीय संविधान ने हर नागरिक को अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने का पूर्ण मौलिक अधिकार दिया है। लेकिन विडंबना यह है कि जब युवा अपने इसी संवैधानिक अधिकार का उपयोग करते हुए अपनी आवाज बुलंद करते हैं, तो सरकार की ओर से उन पर एके-47 जैसे घातक हथियार लहराए जाते हैं, जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
भगवान वेदव्यास जयंती समारोह और सम्मान कार्यक्रम
बता दें कि यह पूरा कार्यक्रम डेहरी में भगवान वेदव्यास ट्रस्ट के द्वारा आयोजित किया गया था। इस भव्य समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया ताकि उनका हौसला बढ़ाया जा सके। इस कार्यक्रम में मुकेश सहनी के अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के स्थानीय विधायक सोनू सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने सफल छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


