सपने पूरे करने की चाहत, लगातार असफलता और कारोबार में हुए भारी नुकसान ने एक शख्स को अपराध की राह पर धकेल दिया। मुंबई की कांदिवली पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये की सोने की चेन चोरी करने के आरोप में 42 वर्षीय सतीश कुमार कृष्ण प्रसाद केसरी को दिल्ली के उत्तम नगर से गिरफ्तार किया है। बिहार का रहने वाला आरोपी कंप्यूटर साइंस से ग्रेजुएट है और लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के सीजन 8 में भी हिस्सा ले चुका है।

UPSC और KBC में आजमाई किस्मत, लेकिन नहीं मिली सफलता

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नौकरी की तलाश में बिहार से दिल्ली आया था। यहां पार्ट टाइम काम करते हुए उसने UPSC की तैयारी की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसने KBC में अपनी किस्मत आजमाई। वह शो के अंतिम एपिसोड के लिए चुने गए 10 प्रतियोगियों में शामिल हुआ, लेकिन फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड पार कर हॉट सीट तक नहीं पहुंच सका।

कारोबार में नुकसान के बाद कर्ज में डूबा

इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ टूर एंड ट्रैवल का कारोबार शुरू किया। उसने कर्ज लेकर चार से पांच गाड़ियां खरीदीं और उन्हें ओला-उबर पर चलाया। हालांकि, कारोबार में भारी नुकसान के चलते वह कर्ज के बोझ तले दब गया। पुलिस का आरोप है कि कर्ज चुकाने के लिए उसने ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

ग्राहक बनकर करता था ज्वेलरी शोरूम की रेकी

पुलिस के अनुसार, आरोपी ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकानों में जाता था और दुकानदारों से अलग-अलग आभूषण दिखाने को कहता था। इसी दौरान वह गहने देखने के बहाने चोरी कर फरार हो जाता था। 15 नवंबर 2025 को उसने कांदिवली पश्चिम के मथुरादास रोड स्थित पद्मावती ज्वेलर्स से 43.2 ग्राम की सोने की चेन चुरा ली थी। इसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।

फर्जी आधार कार्ड से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने डॉर्मिटरी में ठहरने के लिए फर्जी आधार कार्ड की जानकारी दी थी। उसका मोबाइल नंबर भी बंद था। हालांकि, CCTV फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंच गई और 28 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के उत्तम नगर से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात कबूल करने के साथ दिंडोशी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई एक अन्य समान वारदात में भी अपनी संलिप्तता बताई है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m