प्रतीक शर्मा, लोरमी। मुंगेली पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खेत में चल रहे जुए के फड़ में पुलिस टीम ने दबिश देकर 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वहीं मौके से नगद राशि के साथ 7 मोबाइल फोन और 6 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत की गई।

खेत में सजा था जुए का फड़

जानकारी के अनुसार, एडिशनल एसपी नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना लोरमी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नवागांव वेंकट स्थित एक खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और 9 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फड़ और आरोपियों के कब्जे से नगदी समेत लाखों रुपये का सामान जब्त किया है।

लोरमी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H