अमृतेश सिन्हा, मुंगेर। जिले के हवेली खड़गपुर झील के दक्षिणी दिशा स्थित पूर्वी फाटक के वाटर फॉल के समीप आज शुक्रवार को स्नान के दौरान डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान खगड़िया के जय प्रकाश नगर निवासी लक्ष्मीकांत निराला के पुत्र केशव कुमार के रूप में हुई है। वह डीएवी स्कूल, खगड़िया में 10वीं कक्षा का छात्र था।

जांच के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद झील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने स्थानीय तैराकों की मदद से किशोर को पानी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, केशव अपने पांच दोस्तों के साथ ट्रेन से पहले जमालपुर घूमने आया था। इसके बाद सभी मित्र हवेली खड़गपुर झील पहुंचे, जहां उन्होंने घूमने के साथ यादगार तस्वीरें भी खिंचवाईं। इसी दौरान केशव ने झील में स्नान करने की इच्छा जताई और पानी में उतर गया।

गहरे पानी में चले जाने से हुआ हादसा

स्नान करते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मृतक के मित्र आयुष कुमार ने बताया कि उन्होंने गमछा फेंककर केशव को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह गमछा पकड़ नहीं सका। इसके बाद सभी दोस्तों ने कमर में गमछा बांधकर काफी देर तक उसकी तलाश की और आसपास मौजूद लोगों से भी मदद मांगी, लेकिन सफलता नहीं मिली।

स्थानीय तैराकों ने निकाला शव

घटना की सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय तैराकों ने रस्सी के सहारे गहरे पानी में उतरकर केशव को बाहर निकाला। उसे तत्काल अनुमंडल अस्पताल हवेली खड़गपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

परिवार का इकलौता बेटा था मृतक केशव

आयुष ने बताया कि केशव के पिता रेलवे में स्टेशन मास्टर हैं और वह उनका इकलौता पुत्र था। घटना की सूचना परिजनों को फोन से दे दी गई है। खबर लिखे जाने तक परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेजने की तैयारी शुरू कर दी है तथा पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- जदयू नेता सुमरीक हत्याकांड में राजद के पूर्व MLA रंजीत यादव बरी, सजा के दौरान हुई थी मां की मौत