मुंगेर। जिले में दो दिन पूर्व लापता हुए 16 वर्षीय छात्र शिवम कुमार का शव शुक्रवार को मनियारचक गंगा घाट से बरामद किया गया। छात्र की मौत के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई है। शिवम 15 जुलाई को घर से किताब खरीदने के लिए निकला था लेकिन वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने 16 जुलाई को जमालपुर थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान श्रीकृष्ण सेतु पर शिवम की चप्पलें मिलीं, जिसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया और शव बरामद किया।
पिता ने लगाया गंभीर आरोप
मृतक के पिता बीरेंद्र बिंद ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिता के अनुसार लड़की के परिजनों ने शिवम को कई बार जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने दावा किया कि 15 जुलाई को लड़की की वीडियो कॉल आने के बाद ही शिवम घर से निकला था। उन्होंने आरोपी पक्ष के लिए फांसी की सजा की मांग की है।
सड़क जाम और पुलिस की कार्रवाई
शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों ने सदर अस्पताल के पास सड़क जाम कर दी जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। डीएसपी राकेश कुमार रंजन और कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम खोला।
पोस्टमॉर्टम और जांच
सदर अस्पताल में तीन सदस्यीय टीम ने वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमॉर्टम किया। उपाधीक्षक डॉ. रमन के अनुसार मौत के कारणों की पुष्टि के लिए विसरा (छाती की हड्डी, पेट का पानी और फेफड़े) को भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल जांच के लिए भेजा गया है। जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

