धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि 10 मई को जिले में होने वाले नगर निकाय चुनावों में कुल 1,39,760 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें नगर परिषद रेवाड़ी के 1,15,203 और नगर पालिका धारूहेड़ा के 24,557 मतदाता शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद रेवाड़ी क्षेत्र में 59,167 पुरुष, 56,032 महिला और 4 थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। चुनाव के लिए नगर परिषद रेवाड़ी में 99 और नगर पालिका धारूहेड़ा में 27 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

डीसी अभिषेक मीणा ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर वोट की अहम भूमिका होती है। कई बार एक वोट भी हार-जीत तय कर देता है, इसलिए सभी मतदाता मतदान अवश्य करें।

जिले में यहां होंगे पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बावल खंड के वार्ड नंबर-5 में पंचायत समिति सदस्य तथा डहीना खंड के गांव फतेहपुरी टप्पा डहीना में सरपंच पद के लिए उपचुनाव होंगे।

इसके अलावा नाहड़, बावल, डहीना, धारूहेड़ा, जाटूसाना, रेवाड़ी और खोल खंड के विभिन्न गांवों में पंच पद के लिए भी उपचुनाव कराए जाएंगे। इनमें नेहरूगढ़, भाकली-2, कुहारड़, रघुनाथपुरा, नैचाना, सुलखा, ढाणी जरावत, कहाड़ी, डवाना, बेरली खुर्द, बेरली कलां, नांगलिया रणमोख, मालियाकी, नया गांव, हांसाका, ढालियावास और हर्जीपुर गांव शामिल हैं।

नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर वैतनिक अवकाश घोषित

डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि 10 मई को नगर निकाय चुनाव के चलते संबंधित क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाताओं के लिए वेतन सहित अवकाश घोषित किया गया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के सभी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों और शैक्षणिक संस्थानों में मतदान के दिन अवकाश रहेगा। साथ ही निजी कंपनियों, दुकानों और कारखानों में कार्यरत उन कर्मचारियों को भी सवेतन अवकाश दिया जाएगा, जो संबंधित क्षेत्रों के मतदाता हैं।