धनेश,रेवाड़ी। राज्य चुनाव आयोग हरियाणा ने नगर निकाय चुनाव 2026 की शुचिता तय करने के लिए रेवाड़ी और धारूहेड़ा में सामान्य पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी है। नगर परिषद रेवाड़ी के लिए जगनिवास और नगर पालिका धारूहेड़ा के लिए तरुण कुमार पावरियां को सामान्य पर्यवेक्षक (जनरल ऑब्जर्वर) नियुक्त किया गया है, जबकि प्रीति चौधरी दोनों निकायों के लिए व्यय पर्यवेक्षक का जिम्मा संभालेंगी।

चुनाव से संबंधित किसी भी सुझाव या शिकायत के लिए नागरिक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस रेवाड़ी में पर्यवेक्षकों से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पर्यवेक्षकों की निगरानी बेहद महत्वपूर्ण होगी।
चुनाव चिन्हों का होगा आवंटन:
रेवाड़ी नगर परिषद के रिटर्निंग अधिकारी एवं एडीसी राहुल मोदी ने नामांकन प्रक्रिया की ताजा स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि 25 अप्रैल तक प्राप्त सभी पत्रों की जांच पूरी कर ली गई है। जो उम्मीदवार स्वेच्छा से चुनाव से हटना चाहते हैं, उनके पास आज यानी 28 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन वापस लेने का अंतिम अवसर है।
दोपहर 3 बजे के बाद साफ होगी उम्मीदवारों की अंतिम तस्वीर
निर्धारित समय बीतने के बाद किसी भी स्थिति में नाम वापसी संभव नहीं होगी। शाम 3 बजे की समयसीमा समाप्त होते ही लघु सचिवालय के कमरा नंबर 113 में स्थित wजिला नगराधीश न्यायालय में उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे, जिसके साथ ही चुनावी दंगल की असली तस्वीर साफ हो जाएगी।

