संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) नियमों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों पर नगर निगम ने कड़ा शिकंजा कसा है। प्रशासन द्वारा बार-बार दी गई चेतावनियों और नोटिस को नजरअंदाज करना इन संस्थानों को भारी पड़ गया। नगर निगम की टीम ने लालघाटी स्थित प्रतिष्ठित एलन इंस्टीट्यूट (Allen Institute) समेत कुल 6 बड़े कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है।

25 जून को जारी हुआ था नोटिस, नहीं चेते संस्थान

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित संस्थानों को 25 जून 2026 को ही कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इस नोटिस के जरिए उन्हें परिसर में मौजूद अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियों और खामियों को तत्काल दूर करने के कड़े निर्देश दिए गए थे। हालांकि, तय समय बीत जाने के बाद भी इन संस्थानों द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया।

भवन खाली कराकर की गई सीलिंग की कार्रवाई

सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाए जाने पर नगर निगम की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान सबसे पहले भवनों को पूरी तरह से खाली कराया गया और उसके बाद संस्थानों को सील (Seal) करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

सील किए गए संस्थानों की सूची:

नगर निगम ने भोपाल के अलग-अलग इलाकों में संचालित हो रहे निम्नलिखित 6 संस्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की है

एलन इंस्टीट्यूट (लालघाटी)
अय्यूब खान कोचिंग (गोयल टॉवर, इंद्रपुरी)
श्रेयांश कोचिंग (गोयल टॉवर, इंद्रपुरी)
कीर्तिमान अकादमी (गोयल टॉवर, इंद्रपुरी)
एब्सिल्यूट इंस्टीट्यूट (गोयल टॉवर, इंद्रपुरी)
एनआईीडीपी (NIIDP) ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (गोयल टॉवर, इंद्रपुरी)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m