कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार में सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने आज रविवार (16 अगस्त) को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने विधान सभा क्षेत्र के भंग दानापुर और खगौल नगर परिषद को पुनः बहाल करने का अनुरोध किया।
अप्रैल में भंग हो गई थी नगर निकाय बोर्ड
गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में वार्डों के परिसीमन एवं नगर निकायों के उत्क्रमण को लेकर बिहार के 8 नगर निकायों में नगर विकास विभाग द्वारा अधिसूचना जारी की गई थी।
नियमानुसार छः महीने के अंदर चुनाव नहीं होने के कारण अप्रैल में नगर निकाय का बोर्ड स्वतः भंग हो गई। उसके बाद नगर विकास विभाग द्वारा भंग नगर निकायों में प्रशासक बहाल कर दिया गया। जो अभी तक जारी है। अभी भी नगर निकाय के चुनाव में लगभग डेढ़ वर्ष शेष है।
पार्षदों में लाचारी और नाराजगी- रामकृपाल यादव
रामकृपाल यादव ने कहा कि, नगर परिषद भंग होने से आम नागरिकों को काफी परेशानी हो रही है। पहले लोग अपनी छोटी छोटी समस्याओं जैसे कूड़ा कचरा, साफ सफाई, पेयजल की समस्या आदि को लेकर पार्षदों के पास जाते थे। उनके समस्याओं का निदान भी होता था। नगर निकाय भंग होने से पार्षदों के बीच लाचारी और नाराजगी है।
मुख्यमंत्री ने सहकारिता मंत्री के अनुरोध को गंभीरतापूर्वक सुना और भंग नगर परिषद के पुनः बहाल करने के दिशा में जल्द ही समुचित कदम उठाने का भरोसा दिया।
ये भी पढ़ें- ‘19 अगस्त को राजद का राजभवन मार्च’, सीवान AK-47 फायरिंग कांड को लेकर तेजस्वी ने भरी हुंकार


