रायपुर। राजधानी रायपुर में एम्स के सामने कार चढ़ाकर युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बीच न्यायालय में सरेंडर किया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूरा मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त 2026 को आमानाका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि परमजीत रणगण्ही की आरोपी भरत मंगनानी ने जानबूझकर कार चढ़ाकर हत्या कर दी। बताया गया कि परमजीत की शादी शिखा साहू से तय होने की बातचीत चल रही थी। घटना वाले दिन शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारा के पास शिखा साहू और परमजीत की मुलाकात हुई। इस दौरान भरत मंगनानी भी मौके पर मौजूद था। बातचीत के दौरान भरत और परमजीत के बीच विवाद हो गया।

प्रार्थी के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी ने नाराज होकर परमजीत की हत्या करने की नीयत से तेज रफ्तार में कार चलाते हुए उसके ऊपर कार चढ़ा दी। हादसे में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल परमजीत को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में आमानाका थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। तकनीकी और अन्य माध्यमों से भी आरोपी की तलाश की जा रही थी।
पुलिस की लगातार कार्रवाई और गिरफ्तारी के बढ़ते दबाव के बीच आरोपी भरत मंगनानी ने 18 अगस्त 2026 को न्यायालय परिसर पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ करेगी। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

