० उधारी के विवाद में दोस्त ने सोते समय उतारा मौत के घाट
गुमला। झारखंड के गुमला जिले में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। महज 7 हजार रुपये के उधार को लेकर एक युवक ने अपने ही घनिष्ठ मित्र की सिलबट्टे से सिर कुचलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी खुद सदर थाना पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
मृतक की पहचान 42 वर्षीय अनुभूषण टोप्पो के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका दोस्त जगन्नाथ उरांव उर्फ बोचे है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
5 साल पुराने उधार को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, दोनों दोस्त जून में मुंबई से मजदूरी कर गांव लौटे थे और खेती-बाड़ी का काम कर रहे थे। करीब पांच साल पहले अनुभूषण ने जगन्नाथ से 7 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
सोते समय किया हमला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले से हत्या की योजना बनाई थी। गुरुवार रात उसने अपने दोस्त को घर बुलाया। दोनों ने साथ खाना खाया और एक ही कमरे में सो गए। देर रात जब अनुभूषण गहरी नींद में था, तब जगन्नाथ ने पत्थर के भारी सिलबट्टे से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद दूसरे घर में सोया, सुबह किया सरेंडर
वारदात के बाद आरोपी गांव के ही एक अन्य घर में जाकर रात बिताई और शुक्रवार सुबह सीधे सदर थाना पहुंचकर हत्या की बात स्वीकार करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मानसिक स्थिति की भी जांच
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से आरोपी का व्यवहार असामान्य था। वह अपनी पत्नी पर शक करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था। हालांकि, पुलिस हत्या के पीछे की सभी परिस्थितियों और आरोपी की मानसिक स्थिति की भी जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


