समस्तीपुर। जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीया 9वीं कक्षा की छात्रा के साथ उसके ही दोस्त और उसके साथी ने गैंगरेप जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। आरोपी इस कदर बेखौफ थे कि उन्होंने घटना का वीडियो भी बना लिया और मुंह खोलने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। डर के साए में जी रही पीड़िता ने इस खौफनाक राज को 8 महीने तक अपने सीने में दबाए रखा।

​वीडियो वायरल होने पर हुआ सनसनीखेज खुलासा

​यह खौफनाक वाकया 23 जनवरी का है। आरोपियों की धमकियों से डमी सहमी पीड़िता ने परिवार की सुरक्षा की खातिर यह बात किसी को नहीं बताई। इस बीच, बीते 8 सितंबर को किसी अज्ञात शख्स ने पीड़िता की मां के मोबाइल नंबर पर उस दुष्कर्म का वीडियो भेज दिया। वीडियो देखकर पैरों तले जमीन खिसकी मां ने जब बेटी से पूछताछ की, तो पीड़िता ने रोते हुए अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई और अपनी इस लाचारी के लिए माफी मांगी। पिछले कुछ महीनों से बेटी के उदास और चिड़चिड़े रवैये को मां महज एक आम बात समझ रही थी, लेकिन इस वीडियो ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।

​दोस्ती का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम

​पीड़िता ने बताया कि मुख्य आरोपी विजय उसके घर से महज 500 मीटर की दूरी पर रहता था। स्कूल जाने के रास्ते में उसकी जनरल स्टोर की दुकान थी, जहां से सामान खरीदने के दौरान दोनों की जान-पहचान हुई। एक साल की दोस्ती के बाद पीड़िता को कतई अंदाजा नहीं था कि विजय के मन में उसके प्रति ऐसी गंदी मानसिकता पल रही है। विश्वास का फायदा उठाकर विजय अपने दोस्त राहुल कुमार सहनी के साथ मिलकर इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता रहा।

​पुलिस की कार्रवाई और मेडिकल परीक्षण

​घटना की जानकारी मिलने के बाद 10 सितंबर को पीड़िता की मां ने मुसरीघरारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसी दिन एक आरोपी राहुल कुमार सहनी को गिरफ्तार कर लिया। 11 सितंबर को पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और न्यायालय में उसका 164 का बयान दर्ज करवाया। गिरफ्तार आरोपी का भी मेडिकल टेस्ट कराकर उसे जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे फरार आरोपी विजय की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।