रोहतक। Muskan Suicide Case में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा समेत चारों नामजद आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया है। पुलिस का कहना है कि कानून के तहत किसी भी आरोपी को 24 घंटे से अधिक समय तक हिरासत में नहीं रखा जा सकता। अब मामले में गिरफ्तारी से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट (PM Report) और मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
23 वर्षीय मुस्कान बल्हारा का शव शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद मृतका के पिता, फरमाणा गांव निवासी सुखबीर उर्फ बिट्टू की शिकायत पर पति शीलू उर्फ टिंकू बल्हारा, ससुर सुरेंद्र, सास निशा देवी और देवर मनीष बल्हारा के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
शनिवार को अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन निर्धारित कानूनी समय सीमा पूरी होने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। फिलहाल किसी आरोपी की औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जांच अधिकारी एसआई सोहनलाल सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेने के लिए पीजीआई पहुंचे, लेकिन तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने बताया कि रिपोर्ट अभी तैयार की जा रही है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि मुस्कान की मौत फंदे से लटकने के कारण हुई है, जबकि मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि विसरा जांच के बाद ही हो सकेगी।
पोस्टमार्टम के दौरान मेडिकल बोर्ड ने मृतका के नाखूनों के नमूने भी सुरक्षित किए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन पर किसी अन्य व्यक्ति की त्वचा या संघर्ष के कोई निशान मौजूद हैं या नहीं।
उधर, पुलिस को साइबर सेल से मुस्कान और चारों आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) रिपोर्ट का भी इंतजार है। पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CDR जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर निर्णय लिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


