देहरादून। पर्यटन नगरी मसूरी में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या और बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से प्रस्तावित मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

भूमि का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आज सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, जिला प्रशासन, नगर पालिका मसूरी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित रोपवे टर्मिनल स्टेशनों और संबंधित भूमि का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

रोपवे परियोजना की विस्तृत जानकारी ली

निरीक्षण के दौरान परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता, पर्यावरणीय संतुलन और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अगुवाई में अधिकारियों की टीम ने मसूरी के लाइब्रेरी चौक में संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित रोपवे परियोजना की विस्तृत जानकारी ली।

भविष्य की आवश्यकताओं पर चर्चा

अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित रोपवे का मार्ग लाइब्रेरी चौक क्षेत्र से होकर गुजरेगा, जिसके मद्देनजर परियोजना से संबंधित आवश्यक भूमि और अन्य व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। सचिव आवास ने मौके पर उपलब्ध भूमि की संभावनाओं का आकलन करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान परियोजना के तकनीकी पहलुओं और भविष्य की आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई।

READ MORE: राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ SIR को लेकर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने की बैठक, कर दी बड़ी अपील

इसके बाद सचिव आवास के नेतृत्व में टीम ने पिक्चर पैलेस (चिक चॉकलेट) तथा GMVN (मॉल रोड) के निकट प्रस्तावित रोपवे टर्मिनल स्टेशन के संभावित स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यात्रियों की आवाजाही, पहुंच मार्ग, सुरक्षा, तकनीकी व्यवहार्यता तथा यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

निरीक्षण के अगले चरण में अधिकारियों ने INI डिस्पेंसरी एवं भनौत एस्टेट क्षेत्र की प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। इसके बाद नहाटा एस्टेट (लाल टिब्बा) में प्रस्तावित अपर रोपवे टर्मिनल स्टेशन के आसपास स्थित क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया।

READ MORE: चमोली : बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग गुलाबकोटी में वाहनों की आवाजाही शुरू

सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन के लिए अधिक सुरक्षित एवं उपयुक्त वैकल्पिक स्थान का चयन करते हुए जियो-टेक्निकल अध्ययन के आधार पर नया प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।

मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना के क्रियान्वयन से पर्यटन सीजन में लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सुरक्षित, तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। परियोजना के पूरा होने से पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभावना है।