कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। शहर के अहियापुर थाना क्षेत्र से एक घटना सामने आई है, जहां बकरी चोरी के संदेह में भीड़ का क्रूर चेहरा देखने को मिला। पुरानी मोतिहारी रोड स्थित पटेल स्वीट्स के समीप स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर न केवल बंधक बनाया, बल्कि उसे लोहे के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा।
चोरी की वारदातों से आक्रोशित थे ग्रामीण
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिछले दो-तीन दिनों से इलाके में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। बुधवार को जब कुछ संदिग्धों को फिर से बकरी चोरी कर भागते देखा गया, तो लोगों का सब्र टूट गया। भीड़ ने घेराबंदी कर एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
खंभे से बांधकर की गई पिटाई
गुस्साई भीड़ ने कानून को हाथ में लेते हुए युवक को बिजली के पोल से बांध दिया और उसकी जमकर धुनाई की। घटना स्थल पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही ‘डायल 112’ की टीम और अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उग्र भीड़ के बीच से युवक को काफी मशक्कत के बाद मुक्त कराया और उसे तत्काल मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SKMCH) में भर्ती कराया।
हाई-प्रोफाइल परिवार से है ताल्लुक
पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पकड़ा गया युवक ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक का निवासी है और उसके पिता एक रिटायर्ड कृषि अधिकारी हैं। बताया जा रहा है कि युवक स्मैक के नशे का आदी है, जिसके कारण वह इस तरह की वारदातों में संलिप्त हुआ।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
अहियापुर पुलिस अब इस मामले की दो पहलुओं से जांच कर रही है: पहला, क्षेत्र में सक्रिय अंतरराज्यीय या स्थानीय गिरोह की संलिप्तता और दूसरा, कानून हाथ में लेने वाले लोगों की पहचान। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। फिलहाल, इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

