मुजफ्फरपुर। शहर के बैरिया गोलंबर के समीप बुधवार देर रात एक कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने पास स्थित पेड़ों और एक जेसीबी वर्कशॉप को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और रिहायशी कॉलोनियों में रहने वाले लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।

​आधी रात को विकराल हुआ आग का तांडव

​घटना बैरिया से चांदनी चौक पुल मार्ग स्थित धर्मकांटा के पास की है। रात करीब 12:15 बजे गोदाम में आग लगी। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और कबाड़ भरा हुआ था, जिसके कारण आग ने देखते ही देखते भीषण रूप धारण कर लिया। आग की तपिश इतनी अधिक थी कि 50 से 60 मीटर की दूरी पर खड़े होना भी मुश्किल हो रहा था। आसमान में छाए काले धुएं के गुबार से पूरा इलाका अंधेरे और धुएं से भर गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार आग की लपटें पास के अपार्टमेंट तक पहुंचने की संभावना को देखते हुए कई परिवारों ने एहतियातन अपने घरों को खाली कर दिया।

​12 दमकलों ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू

​अग्निशमन पदाधिकारी आर.एन. पांडे के अनुसार रात 12:20 बजे सूचना मिलने के पांच मिनट के भीतर टीम मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के लिए शुरुआत में 8 दमकल गाड़ियां लगाई गईं लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हाजीपुर और समस्तीपुर से भी अतिरिक्त टीमें बुलानी पड़ीं। कुल 12 दमकल गाड़ियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित किया। इस दौरान गोदाम के समीप स्थित एक जेसीबी वर्कशॉप जलकर खाक हो गई जिसमें खड़ी तीन जेसीबी मशीनें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

​प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

​घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी कुमार गौरव, पूर्वी एसडीएम तुषार कुमार, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि माना जा रहा है कि यह दुर्घटना किसी शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकती है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन कबाड़ गोदाम के साथ-साथ वर्कशॉप मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।