मुजफ्फरपुर। जिले के सरैया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कोचिंग संचालक पर अपनी ही नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने और पिछले दो वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण करने का संगीन आरोप लगा है। आरोपी शिक्षक ने न केवल छात्रा की अस्मत लूटी, बल्कि अश्लील वीडियो बनाकर उसे लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी किया।

​नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म

​परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी कोचिंग संचालक छात्रा पर लगातार कोचिंग आने का दबाव बना रहा था। वह छात्रा की मां के मोबाइल पर बार-बार फोन करता था। आरोप है कि एक दिन छात्रा जब कोचिंग पहुंची, तो आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ पिला दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान आरोपी ने छात्रा का अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।

​वीडियो वायरल करने की धमकी

​पीड़िता का आरोप है कि इस वीडियो के आधार पर आरोपी उसे पिछले दो वर्षों से ब्लैकमेल कर रहा था। लोक-लाज और वीडियो वायरल होने के डर से छात्रा चुपचाप इस जुल्म को सहती रही। साल 2024 में मैट्रिक की परीक्षा पास करने के बाद छात्रा ने उस कोचिंग सेंटर को छोड़ दिया था, लेकिन आरोपी की दरिंदगी कम नहीं हुई।

​परिजनों को दी जान से मारने की धमकी

​बीते 14 अप्रैल से आरोपी संचालक फिर से सक्रिय हो गया। वह छात्रा की मां के फोन पर कॉल करके उसे दोबारा कोचिंग भेजने का दबाव बनाने लगा। जब छात्रा ने मना किया, तो उसने वीडियो इंटरनेट पर डालने और पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इस प्रताड़ना से तंग आकर अंततः पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई।

​पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की तलाश

​मामला सामने आने के बाद सरैया थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है, लेकिन पुलिस का दावा है कि उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।