मुजफ्फरपुर। जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक 18 वर्षीय युवती ने अपने ही परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि उसे धोखे में रखकर उसकी जबरन शादी कराई गई और विरोध करने पर उसे प्रताड़ना व यौन उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा।
मंदिर ले जाकर जबरन कराई गई शादी
पीड़िता द्वारा अहियापुर थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना की शुरुआत 1 फरवरी को हुई। युवती के जीजा और मामा, उसकी मां की सहमति से उसे ‘घूमाने’ के बहाने घर से बाहर ले गए थे। पीड़िता का आरोप है कि उसे एक मंदिर ले जाया गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध सहदुल्हापुर राघोपुर निवासी एक युवक के साथ उसकी जबरन शादी करा दी गई। युवती का दावा है कि उसके सगे संबंधियों ने मोटी रकम लेकर उसका सौदा किया और उसे विवाह के बंधन में बांध दिया।
बंधक बनाकर दुष्कर्म और मारपीट
शादी के बाद युवती की जिंदगी नरक बन गई। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 5 और 6 फरवरी को उसके आरोपी पति ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया। वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। युवती को ससुराल में बंधक बनाकर रखा गया था, जहां उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
चंगुल से भागकर पहुंची थाने
करीब दो महीने तक जुल्म सहने के बाद, 31 मार्च को युवती को वहां से निकलने का मौका मिला। वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग निकली और अपनी दूसरी बहन के घर पहुंची। वहां आपबीती सुनाने के बाद वह अहियापुर थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

