मुजफ्फरपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 9वीं कक्षा की छात्रा से लगातार हो रही छेड़खानी का विरोध करना उसके चाचा को भारी पड़ गया। आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर छात्रा के चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान लुकेश कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों के अनुसार गांव के ही कुछ युवक पिछले दो महीने से छात्रा को परेशान कर रहे थे। छात्रा जब भी बाजार या ट्यूशन पढ़ने जाती, आरोपी उसका पीछा करते और अभद्र टिप्पणियां करते थे। छात्रा ने इसकी जानकारी अपने परिवार को दी। इसी बीच, घर आए छात्रा के चाचा लोकेश कुमार को जब इस बारे में पता चला, तो वह आरोपियों को समझाने और इस हरकत का विरोध करने गए। यही बात आरोपियों को नागवार गुजरी और विवाद बढ़ गया।
लीची बागान में घात लगाकर किया हमला
मृतक लुकेश कुमार ने मौत से पहले पुलिस को दिए अपने फर्द बयान में बताया था कि 13 जून की सुबह जब वह शौच के लिए निकले थे, तो खेतलपुर बाजार के पास एक लीची बागान में राहुल कुमार दास, सिकंदर दास और किशोरी दास ने उन पर घात लगा रखा था। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद, आरोपियों ने वहां मौजूद एक महिला से हसुआ (धारदार हथियार) छीनकर लुकेश के पेट पर वार कर दिया, जिससे उनकी आंत बाहर आ गई। इसके बावजूद आरोपियों ने उन्हें बेरहमी से लात-घूंसों से पीटा।
‘हम कुछ भी करें, तुम कौन होते हो रोकने वाले’
लुकेश के अनुसार, हमला करते समय आरोपी लगातार कह रहे थे कि, हम तुम्हारी भतीजी के साथ कुछ भी करें, तुम बीच में बोलने वाले कौन होते हो? लुकेश ने यह भी आरोप लगाया था कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी आरोपियों ने उन्हें धमकियां भिजवाई थीं कि अगर वे बच गए, तो अगली बार उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
इलाज के दौरान मौत, एक आरोपी गिरफ्तार
गंभीर रूप से घायल लुकेश को पहले औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें मुजफ्फरपुर के SKMCH रेफर कर दिया गया। 14 जून को उनके बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई, लेकिन सोमवार को इलाज के दौरान लुकेश की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस बल तैनात कर दी गई है।

