कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी इलाके में एक किराए के मकान से 35 वर्षीय मजदूर का खून से लतपत शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान मीनापुर निवासी उपेंद्र पासवान के रूप में हुई है, जो कुछ समय पहले ही अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ यहां किराए पर रहने आए थे। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।

​दूध वाले ने दी घटना की जानकारी

​यह खौफनाक मामला शुक्रवार सुबह का है। रोज की तरह अहियापुर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 6 स्थित शिव शंकर सिंह के मकान में दूधवाला दूध देने पहुंचा था। उसने अन्य किराएदारों को दूध देने के बाद मजदूर उपेंद्र पासवान के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर जब उसने दरवाजा धक्का देकर खोला, तो उसके होश उड़ गए। अंदर उपेंद्र का लहूलुहान शव पड़ा हुआ था। यह देखते ही दूधवाले ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया, जिसके बाद मकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

​ मृतक मजदूर का प्रोफाइल फोटो

पत्नी और बच्चों का कोई सुराग नहीं

​घटना की सबसे बड़ी पहेली यह है कि मृतक मजदूर की पत्नी और उनके दो छोटे बच्चे कमरे से गायब हैं। मकान मालिक शिव शंकर सिंह ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच कभी किसी तरह के झगड़े की बात सामने नहीं आई थी। वे लोग शांति से रह रहे थे। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या पत्नी और बच्चे किसी रिश्तेदार के यहां गए हैं या फिर इस सनसनीखेज वारदात के पीछे उनका भी कोई संबंध है या उन्हें भी किसी ने गायब किया है।

​पुलिस और एफएसएल टीम की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस और नगर एसडीपीओ-2 कार्तिकेय दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि एक कमरे में खून से सना शव मिला है। पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया है ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया है।

​हर एंगल से हो रही है मामले की जांच

​फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर एंगल से तफ्तीश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, पत्नी और बच्चों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, ताकि जल्द से जल्द इस रहस्य से पर्दा उठाया जा सके।