मुजफ्फरपुर। जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र में खुशियों का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक शादी समारोह के दौरान हुए मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। म्यूजिक ट्रॉली हटाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बारातियों ने एक 27 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है।
रास्ता मांगने पर शुरू हुआ विवाद
घटना की शुरुआत मानिकपुर गांव से हुई, जहां जागेश्वर सहनी की बेटी की शादी का उत्सव चल रहा था। पियर इलाके से बारात आई हुई थी और सड़क पर म्यूजिक ट्रॉली लगाकर नाच-गाने का दौर चल रहा था। इसी दौरान राहुल कुमार अपने ट्रैक्टर के साथ वहां से गुजर रहा था। रास्ता बाधित होने के कारण राहुल ने वहां मौजूद लोगों से ट्रॉली को किनारे हटाने का अनुरोध किया। इसी बात पर बारातियों और राहुल के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। हालांकि, ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद उस समय मामला शांत होता दिखाई दिया।
रस्म देख लौटते वक्त हुआ अपहरण
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, विवाद के बाद राहुल तुरंत घर नहीं गया। वह बारात के स्वागत की रस्म (परछावन/दरवाजा लगना) देखने के लिए वहीं रुक गया। जैसे ही रस्म खत्म हुई और राहुल अपने घर की ओर पैदल रवाना हुआ, बारात में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने उसे रास्ते से उठा लिया। जब देर रात तक राहुल घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
गांव के बाहर मिला क्षत-विक्षत शव
अगली सुबह गांव के बाहर एक सुनसान इलाके में राहुल का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने जब शव देखा, तो उनके होश उड़ गए। राहुल के शरीर पर सिर से लेकर पैर तक चोट के गहरे निशान थे, जो इस बात की गवाही दे रहे थे कि उसे लाठी-डंडों से बड़ी बेरहमी से पीटा गया था। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की जानकारी मिलते ही मीनापुर थाना पुलिस और डीएसपी पूर्वी, अलय वत्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

