कुमार उत्तम/जफ्फरपुर। जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के रामपुरहरी से दो दिनों से लापता दो मासूम चचेरी बहनों की हत्या कर दी गई है। बुधवार की सुबह दोनों के शव मकसूदपुर स्थित एक ईंट भट्ठे के पास बेहद क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

​शादी के माहौल के बीच गायब हुई थीं मासूम

​घटना की शुरुआत सोमवार से हुई थी। मृतक बच्चियों की पहचान 12 वर्षीय मौसम कुमारी और 7 वर्षीय रूचि कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गांव में एक शादी समारोह था, जहां दोनों बच्चियां खेल रही थीं। इसी दौरान वे अचानक लापता हो गईं। जब काफी देर तक बच्चियां घर नहीं लौटीं, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए।

​मंगलवार को दिनभर चली सघन तलाश

​मंगलवार का पूरा दिन परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चियों को ढूंढने में बिताया। गांव के चप्पे-चप्पे और रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। इस बीच सोशल मीडिया पर भी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर मुहिम छिड़ी रही और पुलिस प्रशासन से उन्हें सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई गई, लेकिन पुलिस की टीमें उन्हें जीवित ढूंढने में नाकाम रहीं।

​बुधवार सुबह मिली दर्दनाक खबर

​दो दिनों की बेचैनी बुधवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार में बदल गई, जब मकसूदपुर ईंट भट्ठे के पास ग्रामीणों ने दो शव देखे। बच्चियों के शरीर पर दरिंदगी के निशान साफ दिख रहे थे। उनके सिर, पेट और अन्य अंगों पर गंभीर चोटें थीं, जिससे यह स्पष्ट था कि उनकी हत्या अत्यंत क्रूरता के साथ की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

​पुलिस की जांच और राजनीतिक प्रतिक्रिया

​DSP पूर्वी-1, अलय वत्स ने इस डबल मर्डर की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है। चाहे वह पुरानी रंजिश हो, मानव तस्करी का मामला हो या कोई बड़ी साजिश, आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, जेडीयू (JDU) ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे गहरी साजिश का हिस्सा बताया है और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोग अब दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं।