कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले के मीनापुर प्रखंड के रामपुर हरि थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंगरांहा उत्तर टोला में पारिवारिक विवाद के चलते एक मां ने अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की जान ले ली। आरोपी महिला ने कथित तौर पर बिस्कुट में जहरीला पदार्थ मिलाकर पहले अपने बेटे को खिलाया और फिर खुद भी उसका सेवन कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
पारिवारिक कलह और मायके से वापसी
मृतक बच्चे की पहचान अखिलेश राम के ढाई साल के बेटे आर्यन कुमार के रूप में हुई है। बच्चे के पिता जीविका चलाने के लिए पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। दादा कैलाश राम ने जानकारी दी कि करीब सात साल पहले अखिलेश की शादी आरती कुमारी के साथ हुई थी।
शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटे-छोटे मुद्दों पर विवाद होता रहता था। आरोप है कि आरती अक्सर बिना किसी को बताए अपने मायके चली जाती थी। घटना से महज 15 दिन पहले ही वह मायके गई थी और बुधवार की शाम को ही वापस ससुराल लौटी थी।
बिस्कुट में जहर देकर मासूम को मौत के घाट उतारा
गुरुवार की दोपहर जब घर के अन्य सदस्य और पति मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, तब आरती ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। उसने बिस्कुट में जहरीला पदार्थ मिलाया और अपने मासूम बेटे आर्यन को खिला दिया।
जहर का असर होते ही जब बच्चे की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और वह दर्द से तड़पने लगा, तो आरोपी महिला खुद भी रोने-चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मासूम आर्यन की सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस और एफएसएल (FSL) की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर हरि थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य और जहर से जुड़े नमूने एकत्र किए।
पुलिस ने बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) मुजफ्फरपुर भेज दिया है। प्राथमिक जांच में डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों ने बच्चे के शरीर से जहरीली दुर्गंध आने की पुष्टि की है।

आरोपी मां की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में इलाज जारी
इस मामले पर रामपुर हरि थानाध्यक्ष अंजलि कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरखुरानी और हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया था और उसे थाने लेकर जा रही थी।
रास्ते में अचानक महिला की भी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद पाया कि उसने भी जहर खाया था। फिलहाल, आरोपी महिला को पुलिस की कड़ी निगरानी में एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

