मुजफ्फरपुर। जिले के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात में पान दुकानदार की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान केपी पथ स्थित माखन साह चौक के पास रहने वाले 35 वर्षीय मनोज कुमार राय के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

खून से लथपथ सड़क पर मिला शव

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मनोज सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालत नाजुक देख एंबुलेंस का इंतजार किए बिना स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाइक से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अवैध संबंध बना विवाद की वजह

परिजनों ने मनोज की पत्नी निशु कुमारी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। मृतक की मां मुन्नी देवी के अनुसार, निशु का एक युवक से अवैध संबंध था, जिसका मनोज विरोध करता था। बताया जा रहा है कि मनोज को पत्नी और उसके प्रेमी के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट मिल गए थे। इसी बात को लेकर मंगलवार दिन में पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। बाद में निशु घर छोड़कर चली गई।

फोन कर बुलाया, फिर की हत्या

मां का आरोप है कि शाम में किसी का फोन आने पर मनोज घर से बाहर निकला था। उन्हें शक है कि पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर उसे सुनसान जगह बुलाया और धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।

पुलिस जांच में जुटी

नगर डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि मामला आपसी विवाद और अवैध संबंध से जुड़ा प्रतीत होता है। परिजनों के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।