कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। बिहार में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए लाभार्थियों के बैंक खातों में बढ़ी हुई पेंशन राशि का अंतरण किया गया। मुजफ्फरपुर जिले में आयोजित राज्य स्तरीय “पेंशन उत्सव” कार्यक्रम के दौरान जिले के 4,34,265 पेंशनधारियों के खातों में जुलाई माह की कुल 49 करोड़ 69 लाख 69 हजार 300 रुपये की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। इस पहल से जिले के वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों में भारी उत्साह देखा गया।


विभिन्न योजनाओं के तहत कुल अंतरण विवरण
इस विशेष कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत जिले के कुल 4,34,265 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया:
- मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना: सर्वाधिक 2,18,277 लाभार्थियों के खातों में 25 करोड़ 40 लाख 29 हजार 600 रुपये भेजे गए।
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना: 1,33,047 लाभार्थियों के खाते में 14 करोड़ 79 लाख 01 हजार 500 रुपये हस्तांतरित किए गए।
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना: 29,603 लाभार्थियों के खाते में 3 करोड़ 46 लाख 49 हजार 900 रुपये की राशि भेजी गई।
- लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना: 27,853 लाभार्थियों को 3 करोड़ 14 लाख 28 हजार 200 रुपये का लाभ मिला।
- बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना: 23,004 लाभार्थियों के खाते में 2 करोड़ 61 लाख 91 हजार 200 रुपये अंतरित किए गए।
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना: 2,481 लाभार्थियों के खाते में 27 लाख 68 हजार 900 रुपये की राशि भेजी गई।
प्रशासनिक उपस्थिति एवं पेंशन उत्सव का उद्देश्य
मुजफ्फरपुर समाहरणालय सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी कुमार गौरव, उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा और सहायक निदेशक अभिषेक कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। राज्य सरकार द्वारा इस दिन को “पेंशन उत्सव” के रूप में मनाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक संबल प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छात्र योजना (संबल) के तहत 20 पात्र लाभुकों के बीच बैटरी चालित ट्राइसाइकिल का भी वितरण किया गया।
पेंशन राशि बढ़ने से जीवन स्तर में सुधार
पेंशन राशि को बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह किए जाने से लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली है। पहले 400 रुपये की राशि में दैनिक जरूरतें पूरी करना कठिन था, लेकिन अब इस आर्थिक सहायता से दवा, भोजन और कपड़ों के खर्च आसानी से पूरे हो रहे हैं। जिला प्रशासन ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी शेष पेंशनधारियों से अपील की है कि वे नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर जल्द से जल्द अपना जीवन प्रमाणीकरण पूरा करवा लें, ताकि उनकी पेंशन का भुगतान बिना किसी बाधा के लगातार जारी रह सके।


