कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। जिले में पुलिस ने एक बड़े आपराधिक षड्यंत्र को नाकाम करते हुए लूट की योजना बना रहे चार शातिर युवकों को धर दबोचा है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से अत्याधुनिक हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
अंडौल पुल के पास रची जा रही थी साजिश
यह पूरी घटना मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज प्रखंड के राजेपुर ओपी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंडौल पुल के पास की है। बीती रात कुछ संदिग्ध युवक हथियारों से लैस होकर इस सुनसान इलाके में पहुंचे थे। वे आने-जाने वाले राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट और डकैती की बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुआ तुरंत गठन
गुप्त सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एक विशेष पुलिस टीम के गठन का निर्देश दिया। यह कार्रवाई सरैया एसडीपीओ-2 अभिजीत कौर के नेतृत्व में अंजाम दी गई, जबकि पूरी ऑपरेशन की मॉनिटरिंग ग्रामीण एसपी द्वारा की जा रही थी।
निर्देश मिलते ही राजेपुर ओपी प्रभारी और पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंडौल पुल के आसपास के पूरे इलाके की सघन घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर अपराधी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के कारण चार युवकों को मौके पर ही दबोच लिया गया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर एक अन्य अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहा।
हथियार और मोबाइल जप्त
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान मोहम्मद नासिर, मोहम्मद नैन, राजा बाबू और अमन कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से:
- एक देसी पिस्टल
- 6 जिंदा कारतूस
- दो मैगजीन
- तीन स्मार्टफोन्स बरामद किए हैं।
एसडीपीओ-2 अभिजीत कौर ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि ये सभी शातिर अपराधी किसी बड़ी लूट और डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस गिरोह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और ये पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। फरार एक अन्य अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

